बिधूना।
निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान पांच सितंबर को नवजात की मौत के मामले में पीड़ित पिता की ओर से सीएमओ से लापरवाही का आरोप लगा शिकायत की गई थी। इस पर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे के रामगढ़ स्थित अस्पताल पर छापामारी की। जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर अस्पताल के कागजात व प्रशिक्षित स्टाफ न मिलने पर उन्होंने अस्पताल सील कर दिया गया।
बेला रोड स्थित एक अन्य क्लीनिक संचालक की ओर से नोटिस का जवाब न देने और मानक की अनदेखी कर क्लीनिक संचालित करते पाए जाने पर उसे भी सीज करने की कार्रवाई की। इस दौरान अधिकारियों ने दोनों अस्पताल संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
डिप्टी सीएमओ डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बुधवार को पुलिस टीम के साथ कस्बे की रामगढ़ मार्ग पर कछपुरा मोहल्ला बस्ती स्थित बौद्ध हॉस्पिटल पर छापेमारी की। इस दौरान अस्पताल में मौजूद कर्मचारी डिग्री नहीं दिखा सके और न ही उनके पास संचालन संबंधी प्रपत्र मिले। इस पर डिप्टी सीएमओ डॉ. सिद्धार्थ ने अस्पताल को सील कर दिया।
कस्बा के बेला रोड पर कमलपुर नहर के पास संचालित अजय बाबू के शिव शक्ति क्लीनिक पर भी छापेमारी की गई। क्लीनिक पर भारी मात्रा में दवाइयां, बोतलें बरामद हुईं। क्लीनिक में बोतल लटकाने के लिए स्टैंड जैसी बुनियादी चीजें न मिलने पर क्लीनिक सील कर दिया गया। डिप्टी सीएमओ डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि शाहपुर निवासी विनय कुमार ने सीएमओ डॉ. सुनील कुमार वर्मा को शिकायती पत्र दिया था। बताया कि बीती पांच सितंबर को वह पत्नी नीलम को लेकर बौद्ध हॉस्पिटल गया था। जहां अस्पताल के स्टाफ ने उसे जच्चा-बच्चा की जान को खतरा होने की बात कहर ड़रा कर जबरन पत्नी का प्रसव कर दिया था। जिससे उसके नवजात बच्चे की मौत हो गई थी।
सीएमओ के आदेश पर अस्पताल में छापेमारी की गई थी। अस्पताल में कोई भी प्रशिक्षित कर्मचारी न मिलने व पंजीकरण न होने पर अस्पताल सीज किया गया। साथ ही संचालक अजय पाल शाक्य के नाम नोटिस मौजूद कर्मचारी को सौंपा है। शिव शक्ति क्लीनिक पर पहले भी छापेमारी की गई थी। इस दौरान संचालक को कागजात दिखाने के लिए नोटिस जारी किया गया था। संचालक की ओर से न ही नोटिस का जबाव दिया गया और न ही अवैध तरीके से चल रहे क्लीनिक को बंद किया गया।
संचालित होता मिलने पर क्लीनिक को सील कर मौजूद दवाइयों को जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि नियमों को धता बता संचालित हो रहे अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी, अल्ट्रासाउंड सेंटर के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।