पुलिस को शिकायती पत्र देता पीड़िता आढ़ती संजय। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। शहर में गुरुवार शाम दो व्यापारियों से अलग-अलग स्थानों में 90 हजार रुपये की टप्पेबाजी हो गई। टप्पेबाजी की घटनाओं ने कोतवाली पुलिस व चौराहे पर लगी पिकेट की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। टप्पेबाजों को पकडृने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना को लेकर व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त है।
गुरुवार को ईंट-भट्ठा संचालक रविंद्र सिंह तोमर एसोसिएशन की बैठक में शामिल होने सुभाष चौक के पास स्थित एक होटल में आए हुए थे। जहां से थोड़ी देर बाद वह निकल कर कुछ काम निपटाने लगे। इसी बीच उनकी कार का टायर पंचर हो गया। इस पर वह सुभाष चौक के पास स्थित एक पंचर की दुकान पर टायर का पंचर बनवाने लगे।
कार का शीशा खुला होने पर किसी टप्पेबाज ने उनकी कार में रखा रुपयों व अन्य जरूरी कागजातों से भरा बैग पार कर दिया। पंचर बनवाने के बाद जब वह कार में बैठे तो बैग गायब देख तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू कर दी। रविंद्र सिंह ने बताया कि बैग में 35 हजार रुपये नकद के अलावा अन्य जरूरी कागजात थे।
इधर, पुलिस इस घटना की जांच पड़ताल कर ही रही थी, तभी कोतवाली से महज दो सौ कदम पर जेसीज चौराहे के पास काली माता मंदिर के सामने स्थित खरीदारी कर रहे मंडी आढ़ती मोहल्ला बनारसीदास निवासी संजय की बाइक पर टंगा रुपयों व जरूरी कागजातों से भरा थैला टप्पेबाज ने पार कर दिया। जानकारी होने पर प्रभारी कोतवाल श्याम लाल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित आढ़ती से घटना की जानकारी ली। एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक किशोर की फुटेज मिली है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
पीड़ित संजय ने बताया कि वह गल्ला मंडी स्थित आढ़त से लौटकर घर जा रहा था। बैग में 55 हजार रुपये नकद व अन्य जरूरी कागजात थे। व्यापारियों के साथ हुई घटनाओं को लेकर मौके पर पहुंचे उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट के जिलाध्यक्ष राजेश वाजपेई व नगर अध्यक्ष अमर विश्नोई न मौके पर पहुंचकर पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े करते हुए पुलिस से जल्द से जल्द दोनों घटनाओं का पर्दाफाश करने की मांग की है। सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि पुलिस टीमें पीड़ितों से मिली जानकारी के आधार पर टप्पेबाजों की तलाश में जुट गईं हैं। जल्द ही दोनों वारदातों का खुलासा किया जाएगा।
कार से पार हुए बैग की जानकारी पर जांच करने पहुंचे सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव व मौजूद पीड़ित भट्ठा ?- फोटो : AURAIYA