औरैया। एक विचित्र पहल सेवा समिति की ओर से यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत रविवार सुबह 10 बजे से सुभाष चौक पर यातायात सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोजन में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने दिन पर दिन बढ़ रहीं वाहन दुर्घटनाओं से बचाव के लिए यातायात नियमों के पालन के साथ तमाम अन्य जानकारियां प्रदान की। कार्यक्रम में यातायात सीओ प्रदीप कुमार ने कहा कि दुपहिया वाहन चालक हेलमेट व चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने से काफी हद तक वाहन दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने कहा कि वाहन चलाते समय स्वयं की सावधानी सबसे महत्वपूर्ण है। समिति के संस्थापक आनन्द नाथ गुप्ता ने लोगों से शराब पीकर वाहन न चलाने की अपील की। यातायात सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में यातायात उपनिरीक्षक कायम सिंह, नेत्र विशेषज्ञ डॉ. मानसी पोरवाल आदि लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर एकता गुप्ता,बबिता गुप्ता, महिमा अग्रवाल, गुड्डन गुप्ता, नीरज पोरवाल, मोहित अग्रवाल (लकी), रामआसरे पोरवाल, संजय अग्रवाल आदि मौजूद रहे।