औरैया। अभ्युदय कोचिंग जुलाई से शुरू होगी। नए सत्र के लिए हाईटेक इंतजाम अभी से शुरू कर दिए गए हैं। शनिवार को पहली बार कक्षा संचालन के दौरान कैमरे के सेटअप से रिकार्डिंग का ट्रायल कराया गया। शिक्षक के पढ़ाने को रिकार्ड किया गया। इस दौरान अभ्युदय कोचिंग की व्यवस्था टीम जुटी रही।
अभ्युदय कोचिंग के जरिए जरूरतमंद युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने का सपना धीरे-धीरे वृहद आकार ले रहा है। इसे लेकर इंस्टाग्राम, फेसबुक से लेकर अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पेज बनाकर औरैया अभ्युदय कोचिंग की टीम ने युवाओं को जागरूक करना शुरू किया है। शनिवार को अभ्युदय कोचिंग में शिक्षक अंशुल दुबे ने कक्षा ली। औरैया के तिलक महाविद्यालय तक सीमित अभ्युदय की कक्षा को अजीतमल व बिधूना में भी चलाया जाएगा। वहीं आनलाइन प्लेटफार्म पर आने के बाद कोई भी युवा घर बैठे तैयारी कर सकेगा।
सोशल मीडिया पर अभ्युदय कोचिंग औरैया का पेज तैयार कर प्रचार-प्रसार करते हुए युवाओं को आकर्षित किया जा रहा है। वहीं जुलाई से शुरू होने जा रहे नए सत्र में कोचिंग की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग के लिए कैमरों व माइक से वीडियो रिकार्डिंग का ट्रायल किया गया है।’-शोभित द्विवेदी, कोर्स को-आर्डिनेटर अभ्युदय कोचिंग औरैया