दिबियापुर। संगम एक्सप्रेस से कानपुर होते हुए अपने घर हमीरपुर जा रही महिला को प्रसव पीड़ा होने पर फफूंद रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। एंबुलेंस न पहुंचने पर आरपीएफ के वाहन से महिला को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां महिला ने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। जिला हमीरपुर में मौदहा के गांव पढूरी निवासी मेहर प्रताप अपनी गर्भवती पत्नी रेखा के साथ मेरठ से 14164 डाउन संगम एक्सप्रेस के एस-5 कोच में बैठे थे। वह कानपुर होते हुए अपने गांव जा रहे थे। इटावा से निकलते ही रेखा को तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मेहर प्रताप ने कोच के टीटीई को सूचना दी। ट्रेन को 12 बजकर 11 मिनट पर फफूंद में रेखा को ट्रेन से उतारा गया। इसके बाद आरपीएफ के वाहन से रेखा को दिबियापुर सीएचसी लाया गया। यहां पर थोड़ी देर बाद ही रेखा ने स्वस्थ बेटी को जन्म दिया। पति ने आरपीएफ थाना पुलिस के सहयोग की सराहना की।