औरैया। दिबियापुर रोड स्थित गांव तुर्कीपुर चित्तर सिंह में रविवार को आयोजित दंगल में यूपी और मध्य प्रदेश के जिलों के 50 से अधिक पहलवानों ने भाग लिया। पहलवानों के दांवपेच देखने को लिए ग्रामीणों की भीड़ रही।
दंगल में सबसे बड़ी कुश्ती 51 हजार रुपये की रही। जालौन के पहलवान आशीष को हराकर पंजाब के प्रताप ने 51 हजार रुपये की कुश्ती जीती। दंगल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सपा नेता लालजी शुक्ला ने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर किया। आयोजकों ने बताया कि पहली कुश्ती झांसी के रामलखन ने जालौन के कल्लू को पराजित कर जीती। कन्नौज से शिवेंद्र और इटावा के शिवजीत की कुश्ती बराबर पर छूटी। दंगल का समापन मुख्य अतिथि बसपा नेता संघप्रिय गौतम ने किया। उन्होंने कहा कि कुश्ती खेल ही नहीं, बल्कि भारतीय कला, संस्कृति और मनोरंजक परंपरा का हिस्सा भी है। साथ ही विजेता पहलवानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत दंगल आयोजक प्रधान डॉ. गिरजाशंकर वर्मा, ललैया शुक्ला और शिवपूजन पहलवान आदि ने किया।