औरैया। इटावा जनपद से कटकर 17 सितंबर 1997 को औरैया जिला वजूद में आया। पिछले 26 सालों से जिले का पुलिस महकमा पुलिस लाइन व जिला जेल का इंतजार कर रहा था। शासन से इसे लेकर शेरपुर सरैया गांव में निर्माण को मंजूरी मिली है। शासन से बजट भी मिल चुका है। दोनों के निर्माण पर नए वर्ष में कवायद शुरू होने की उम्मीद है। उद्योगीकरण की दिशा में वर्षों से अनदेखी की मार झेल रही प्लास्टिक सिटी ककोर में पहली बार कंपनियों की ओर से यहां पहली बार नींव रखते हुए काम शुरू कराए गए हैं। जिले से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे को लेकर शासन से हरी झंडी मिली। यहां जमीन खरीद शुरू कराई गई है। जिले के उद्योगीकरण की दिशा में साल 2023 बेमिसाल संभावनाएं देने के साथ विदा हो रहा है। रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के दिशा में यह साल नींव डालने वाला रहा।
अयाना में मासूम से दुष्कर्म व हत्या की घटना ने खूब झकझोरा
वर्ष 2023 में जिले को झकझोरने वाली अयाना में मासूम से दुष्कर्म की घटना हुई। आरोपी ने गलत हरकत करने के बाद मासूम की हत्या भी कर दी। घटना के बाद जिस तरह से पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी से लेकर कोर्ट में चार्जशीट लगाते हुए मृत्युदंड की सजा दिलवाने की पैरवी की वह सालों यादगार रहेगी। इस घटना ने जहां लोगों को खूब झकझोरा, वहीं पुलिस पैरवी की जमकर सराहना हुई। पुलिस अधीक्षक चारू निगम को जोन से लेकर शासन से प्रशस्ति पत्र भी मिले।
फोटो30एयूआरपी 06- कुदरकोट थाना के बाहर का दृश्य। संवाद
जिले में हुई दो थानों की बढ़ोतरी, चौकी से थाना बने कुदरकोट व सहार
जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वर्ष 2023 में दो थानों की बढ़ोतरी शासन के निर्देश पर हुई। बतौर चौकी रही सहार व कुदरकोट को थाना का दर्जा दिया गया। महिला सशक्तिकरण के तहत कुदरकोट थाना को स्थाई तौर पर महिला थानाध्यक्ष के लिए आरक्षित कर दिया गया। पुलिस महकमे के लिए ये प्रयास वर्षों यादगार रहेंगे।
फोटो30एयूआरपी 07- प्लास्टिक सिटी का सड़क किनारे लगा बोर्ड। संवाद
रोजगार की दिशा में प्लास्टिक सिटी में वर्ष 2023 में पहली कंपनी ने रखी नींव
साल 2023 के जाते-जाते अंतिम माह में वाहन स्क्रैप सेंटर के तौर पर एक कंपनी का निर्माण ककोर प्लास्टिक सिटी में शुरू करा दिया गया। अन्य कंपनियों के लिए यह प्रोत्साहन करने जैसा है। जिसे लेकर बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर नए साल में खुलने की उम्मीद जगी है। वर्षों से अधूरा पड़ा प्लास्टिक सिटी का सपना साल 2023 में साकार होने की दिशा में नींव पड़ती देखी जा रही है। जिले के लिए यह अपने आप में बहुत बड़ी उपलब्धि जैसा रहा।
-
फोटो30एयूआरपी 08- बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर टोल के सामने का दृश्य। संवाद
एक्सप्रेसवे से बेहतर परिवहन के साथ उद्योगीकरण का रास्ता खुला
शासन स्तर से जिले से निकले बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे को लेकर जमीन खरीद को लेकर निर्देश दिए गए। यहां मिहौली समीप तीन गांवों की जमीनों पर तमाम तरह के उद्योग लगाए जाएंगे। यूपीडा व जिला प्रशासन की ओर से इसे लेकर लगातार निरीक्षण करते हुए तकरीबन 100 हेक्टेयर जमीन को चिह्नित किया गया। जमीन खरीद को लेकर किसानों से संपर्क किया जा रहा है। औद्योगिक गलियारे की नींव को लेकर साल अपने आप में ऐतिहासिक कदम के तौर पर जाना जाएगा।
-
फोटो30एयूआरपी 09- ककोर स्थित साइबर क्राइम पुलिस थाना के बाहर का दृश्य। संवाद
साल 2023 के अंतिम माह में मिल गया जिले को साइबर क्राइम पुलिस थाना
औरैया। साइबर ठगी से लेकर सोशल मीडिया से जुड़े अन्य अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश गृह प्रमुख सचिव संजय प्रसाद की ओर से दिसंबर माह के दूसरे सप्ताह में औरैया जिले में साइबर क्राइम पुलिस थाना की स्थापना के निर्देश दिए गए थे। साल के अंतिम माह में प्राथमिक कवायद के तौर पर पुलिस महकमे की ओर से ककोर स्थित महिला थाना परिसर में कमरों का आवंटन कर साइबर क्राइम पुलिस थाना की कवायद शुरू की है। इस कड़ी में साइबर एक्सपर्ट बनने के लिए प्रशिक्षण पूरा करके आए थानाध्यक्ष, प्रभारी निरीक्षक, दो दरोगा, दो महिला आरक्षी, एक मुख्य आरक्षी व दो आरक्षी की तैनाती भी कर दी गई है।
बोले जिम्मेदार-
एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा जिले के लिए बहुत बड़ी सौगात है। प्लास्टिक सिटी का सपना भी कहीं न कहीं साकार होना शुरू हो गया है। नए साल के साथ काफी कुछ धरातल पर दिखने जा रहा है।-महेंद्र पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व