सोमवार की शाम अचानक प्रभारी एसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव को डीजीपी मुख्यालय से हाईवे पर स्थित जिले भर के होटलों और ढ़ाबों पर रात 10 बजे से मध्य रात्रि 2 बजे तक सघन चैकिंग अभियान चलाने का निर्देशित दिया गया। डीजीपी के आदेश के अनुपालन के क्रम में त्वरित कोतवाली व थानों के फोन घनघनाने लगे। थोड़ी ही देर में पुलिस की हरकत देखने लायक थी। चार-चार, पांच-पांच लोगों की टीमों के रूप में पुलिस दल सक्रिय हो उठा। पुलिसिया सायरन की गूंज देर रात तक सुनाई देती रही। इस दौरान पुलिस ने हाईवे पर स्थित कई ढ़ाबों की पड़ताल की। वहां जो भी मिला उससे पूछतांछ की। संतोष जनक उत्तर मिलने के बाद ही ढ़ाबा संचालकों को नियम कायदों का कड़ाई से अनुपालन करने की हिदायत देकर पुलिस लौटी। अचानक होटलों व ढ़ाबों पर शुरू हुई पुलिस की चैकिंग कार्रवाई से संचालकों में हडकंप मच गया। इस संबंध में पुलिस क्षेत्राधिकारी शिवराज सिंह ने बताया कि उक्त कार्रवाई डीजीपी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में की गई है।