बिधूना (औरैया)। कस्बे के भगत सिंह चौराहा पर सोमवार सुबह एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। होश में आने पर युवक ने बताया कि वह दिल्ली से इटावा जिले के मुर्चा आ रहा था। उसके पास मौजूद नकदी व सामान गायब हैं।
इटावा जिले के थाना ऊसराहार के मुर्चा निवासी गगनदीप ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली में निजी कंपनी में काम करता है। रविवार शाम वह मुर्चा तक का टिकट लेकर निजी ट्रैवल्स की स्लीपर बस पर बैठा था। रास्ते में सीट पर बैठे दो युवकों ने उसे दोस्ताना व्यवहार कर कोल्डड्रिंक पीने को दी। इसके बाद वह बेहोश हो गया और अस्पताल में आंख खुली। उसकी जेब से पांच हजार रुपये, मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत जरूरी कागजात गायब हैं। पुलिस की सूचना पर अस्पताल पहुंचे पीड़ित के पिता पंचीलाल ने आरोप लगाया कि बस के चालक और परिचालक ने बेटे को गांव में नहीं उतारा। जबकि उसे बिधूना तक ले आए और यहां बिना जानकारी दिए ही उतार कर चले गए। कोतवाली अपराध निरीक्षक श्रीकेश भारती ने बताया कि भगत सिंह चौराहे पर बेहोशी की हालत में युवक पड़ा मिला था। अब स्थिति सामान्य है। परिजनों ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।