एरवाकटरा। विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन में खराबी आ जाने के कारण शनिवार सुबह से आपूर्ति बंद हो गई। जानकारी होने पर पहुंचे बिजली कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद मशीन को दुरुस्त किया। इस बीच लगभग छह घंटे तक आपूर्ति ठप रहने से लगभग 100 गांवों के उपभोक्ताओं को भीषण गर्मी में परेशानी उठानी पड़ी।
एरवाकटरा विद्युत उपकेंद्र की बिजली इनकमिंग मशीन में शनिवार सुबह करीब छह बजे खराबी आ जाने के कारण एरवाकटरा क्षेत्र के एरवाकुईली, गाजीपुर, एरवा टीकुर, एरवा टिकटा, सुरैंधा, किशनपुर, तुर्कपुर यासीन, कुकरकाट, रमपुरा, उमरैन, ईश्वरपुर, नगला बांस, हरनागरपुर, मुकुटपुर, दोबामाफी, बंधा, कुचैला, सिलवट सहित करीब एक सैकड़ा गांव की बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
इस बीच बिजली केंद्र पहुंची कर्मचारियों की टीम ने इनकमिंग मशीन में आई खराबी को दूर किया। तब जाकर दोपहर 12:30 बजे उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन सही होने के बाद सही होने के बाद शुरू हो सकी। इस संबंध में एसडीओ शशिवेंद्र सिंह ने बताया कि उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन में खराबी आ जाने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। मशीन को सुबह 10 बजे ठीक कर लिया गया था, लेकिन बिजली सप्लाई न होने के कारण दोपहर 12:30 बजे आपूर्ति चालू की जा सकी।
फाॅल्ट आने से 15 गावों की बिजली आपूर्ति रही ठप
औरैया। इनकमिंग केबिल में फाॅल्ट आ जाने से शनिवार सुबह सात बजे विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। जेई और निगम के कर्मचारी केबल बदलवाने में जुटे रहे। आपूर्ति बाधित होते ही लोगों ने बिजली घर पर कॉल करना शुरू कर दिया। दोपहर दो बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान नौगवा, अमरपुर, रंजीतपुर, विजई पुरवा, महिपाल पुरवा, मधवापुर, सुंदरपुर, कनमऊ, बट्टाहा, हरतोली, बिझाई समेत 15 गांवों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से लोग भीषण गर्मी में बिलबिला गए। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग पानी और मोबाइल चार्ज करने के लिए परेशान रहे। लोगों के घरों में रखे इन्वर्टर भी धोखा दे गए। जेई राजेश कुमार ने बताया कि इनकमिंग केबल में फाॅल्ट होने के कारण नौगवा फीडर की सप्लाई बाधित रही थी। क्षतिग्रस्त केबल को बदलकर सप्लाई को चालू कर दिया गया है।