औरैया। संयुक्त जिला अस्पताल के सीएमएस की शिकायत महिला पैथोलॉजिस्ट ने राज्य महिला आयोग , महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं एवं परिवार कल्याण, डीएम व सीएमओ से की है। सीएमएस पर प्रताड़ित करने व बाल्य देखभाल अवकाश न देने का आरोप लगाया है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय में डॉ. श्वेता दंदेलिया ने बताया कि वह लेवल-2 विशेषज्ञ चिकित्सक के पद पर कार्यरत हैं। 26 मई 2022 को बाल्य देखभाल अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिया था, लेकिन अधीक्षक ने उसे अस्वीकार कर दिया था। फरवरी 2023 में मानव संपदा पोर्टल पर बाल्य देखभाल अवकाश का प्रार्थना पत्र दिया, 28 फरवरी तक अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद लिखित तौर पर प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को दिया तो उन्होंने पत्र लेने से इन्कार कर दिया।
पैैथोलॉजिस्ट का कहना है कि वह इस तरह के व्यवहार से वह मानसिक रूप से आहत है। उनकी एक साल तीन माह की बेटी है, सास-ससुर का अक्तूबर 2022 में एक सड़क दुर्घटना में देहांत हो चुका है। पति की तैनाती दूसरे जनपद में है। बेटी की देखभाल के लिए परिवार में कोई सदस्य नहीं है। ऐसे में उन्हें अवकाश की जरूरत है। इस मामले में जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, शिकायत के आधार पर जांच की जाएगी।