दिबियापुर। कानपुर से इटावा की ओर जा रही संगम एक्सप्रेस के शयनयान श्रेणी के कोच में आपसी विवाद के बाद एक यात्री को कुछ लोगों ने ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी दी। पीड़ित के ट्वीट करने पर आरपीएफ ने समस्या का समाधान किया।
मंगलवार शाम लगभग पौने नौ बजे संगम एक्सप्रेस के कोच एस-5 में यात्रा कर रहे आशीष यादव ने ट्वीट कर बताया कि 14163 अप संगम एक्सप्रेस में आरक्षित कोच में बिना टिकट चढ़े लोग यात्रियों को परेशान कर रहे हैं। दूसरों की सीट पर जबरन बैठ गए हैं। मना करने पर ट्रेन से बाहर फेंकने की धमकी भी दे रहे हैं। इस ट्वीट को तत्काल डीआरएम प्रयागराज ने संज्ञान में लेते हुए आरपीएफ प्रयागराज को मामला देखने के लिए कहा। आरपीएफ प्रयागराज डिवीजन के ट्वीटर हैंडल से आरपीएफ पोस्ट फफूंद को आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा गया। इसके बाद तत्काल आरपीएफ फफूंद थाना ने मामले को संज्ञान में लिया गया।
रूरा रेलवे स्टेशन पर रात 10 बजकर 35 मिनट पर ट्रेन पहुंचने पर आरपीएफ फफूंद की आउटपोस्ट रूरा में तैनात उपनिरीक्षक खजान सिंह एवं अन्य आरपीएफ जवानों ने ट्रेन में पहुंचकर शिकायतकर्ता से जानकारी ली। आशीष यादव कानपुर से हापुड़ की यात्रा कर रहे थे। उन्हें ठीक ठाक उनकी सीट पर बैठाया गया।