अछल्दा। यातायात मानकों को धता बताकर ऑटो व टेंपो निर्धारित से अधिक सवारियां भरकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। तमाम रोक के बावजूद भी टेंपो चालक ओवरलोड सवारियां ढोकर उनकी जान से खिलवाड़ करने में लगे हुए हैं।
अहम बात यह है कि जानकारी के बाद भी न तो एआरटीओ इस पर रोक लगा पा रहे हैं और न ही ट्रैफिक पुलिस ही इस पर कोई कारगर कदम उठा पा रही है। मनमानी का आलम यह है कि निर्धारित से अधिक किराया भी वसूल कर सवारियों का शोषण कर रहे हैं। लोकल स्तर पर भी सवारियों को बसों की उपलब्धता न होने से परेशानी हो रही है। इसका सीधा फायदा ऑटो, टेंपो उठा रहे हैं।
गुरुवार को ऑटो, टेंपो की कराई गई पड़ताल में खुलेआम नियमों की अनदेखी होती नजर आई। मौके पर ऑटो में बैठे रेशू, राजकुमार, बलवंत आदि ने बताया कि शाम के समय जब ऑटो की संख्या कम हो जाती है तो ऑटो चालक पांच-पांच रुपये ज्यादा मांगते हैं।
मना करने पर ले जाने से इन्कार करते हैं। ऐसे में ऑटो चालकों की मनमानी के चलते सवारियों को मजबूर होकर बैठना ही पड़ता है। ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही अभियान चलाया जाएगा। ओवरलोड सवारियां ले जा रहे टेंपो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।