फोटो-19 लाइन हाजिर दरोगा धर्मेंद्र शर्मा। स्रोत सोशल मीडिया
औरैया। दिबियापुर थाने की एनटीपीसी चौकी प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा को विवेचना में लापरवाही के आरोप में लाइन हाजिर किया गया है। बुधवार को थाने के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें एक युवक ने दरोगा पर रिश्वत लेकर ट्रक छोड़ने का आरोप लगाया। धर्मेंद्र शर्मा की कार्यप्रणाली पहले भी सवालों के घेरे में रही थी। उन पर शिकायतकर्ताओं से ठीक से बात न करने का भी आरोप था। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है। सूत्रों के अनुसार, दो अक्तूबर को उन्होंने एक बिना नंबर की स्कार्पियो पकड़ी थी। आरोपी पर कई आपराधिक मामले थे, फिर भी उसे बिना कार्रवाई के छोड़ा गया। इस मामले पर अधिकारियों में नाराजगी थी। वायरल वीडियो के बाद युवक का एक और वीडियो आया, जिसमें वह माफी मांग रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बताया कि विवेचना की लापरवाही के कारण चौकी प्रभारी को लाइन हाजिर किया गया।