फफूंद। थाना क्षेत्र के महाराजपुर में शनिवार दोपहर को अचानक से तीन झोप ड़ियों में आग लग गई। आग की लपटें देख मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवाओं ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
महाराजपुर निवासी अनंतराम की झोपड़ी में शनिवार दोपहर को अचानक से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिए और पड़ोस में बनी प्रमोद व सुरजीत की झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख गांव के बाहर मैदान में क्रिकेट खेल रहे युवा आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। झोपड़ी जलने से अनंतराम का रखा गृहस्थी का सामान समेत दो क्विंटल गेहूं, कपड़े, बिस्तर जल गए। वहीं सुरजीत का दो क्विंटल भूसा व चार बोरी गेहूं जल कर राख हो गए। प्रमोद की झोपड़ी में आग लगने के कुछ ही देर में काबू पा लिए जाने से नुक्सान होने से बच गया। अनंतराम ने बताया कि वह भूमिहीन है, परिवार के भरण पोषण के लिए मजदूरी करता है। झोपड़ी जल जाने से परिवार के सिर से आसियाना छिन गया। बीडीओ भाग्यनगर विश्वनाथ पाल ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल व पंचायत सचिव को मौके पर जांच के लिए भेजा गया है। पीड़ितों को नियमानुसार मदद दी जाएगी।