संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। कन्नौज बीएसए कार्यालय में एंटी करप्शन टीम ने 29 फरवरी को छापा मारकर एक लिपिक विमल पांडेय को घूस लेते पकड़ा था। इस दौरान कुछ लोग बीएसए कार्यालय में सीसीटीवी व एनवीआर उखाड़ ले गए थे। जांच के बाद औरैया जनपद के दो और शिक्षकों की वीडियो फुटेज से पहचान कर बीएसए ने उनके निलंबन के आदेश दे दिए हैं।
मामले में औरैया के एक शिक्षक की पहचान पहले हो चुकी है। दोनों ही शिक्षकों की पूर्व में की गई हरकतों का जिक्र भी निलंबन आदेश में दिया गया है। इसके साथ ही कन्नौज में एंटी करप्शन टीम की छापेमारी में संलिप्तता से लेकर बिधूना खंड शिक्षा अधिकारी रहे पुष्पेंद्र जैन व तत्कालीन बीईओ अवनीश यादव को धमकाने से लेकर मारपीट का भी जिक्र किया गया है।
खास बात यह रही कि 20 मार्च को कन्नौज बीएसए की ओर से मुहैया कराए गए साक्ष्य व उनकी पुष्टि के आधार पर दोनों शिक्षकों को निलंबित किया गया है। शिक्षकों की पहचान प्राथमिक विद्यालय कुर्सी में तैनात सहायक अध्यापक शरद कुमार व ऐली प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यक्ष नेत्रपाल सिंह सेंगर के रूप में हुई है। वहीं इन शिक्षकों पर कार्रवाई से पहले झबरा प्राथमिक विद्यालय में तैनात शिक्षक पंकज को निलंबित किया गया था।
शिक्षकों की कार्यशैली 12 बिंदुओं पर दोषी पाई गई है। निलंबन आदेश में एक-एक हरकत का जिक्र करते हुए विभाग की छवि धूमिल करने की बात भी कही गई है। शिक्षक के मूल कार्य से हटकर दूसरे षड़यंत्रों को करना पाया गया है। सबसे अहम तथ्य के तौर पर दोनों शिक्षक अमान्य संगठन से जुड़े हुए पाए गए हैं। बिना सूचना के कन्नौज बीएसए कार्यालय पहुंचने से लेकर तमाम अनियमितता सामने आई हैं। वहीं अछल्दा व बिधूना खंड शिक्षा अधिकारियों को इन निलंबित शिक्षकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोनों शिक्षकों से नजदीकी रखने वालों की कराई जा रही माॅनीटरिंग
निलंबित शिक्षक नेत्रपाल सिंह व शरद कुमार से नजदीकी रखने वाले शिक्षक भी अब निशाने पर होंगे। इसमें खास तौर पर यह बात उभरकर सामने आई है कि सिंडीकेट से जुड़े कुछ अन्य शिक्षक भी प्रकाश में आए हैं। साक्ष्य संकलन के लिए उन्हें चिह्नित किया जा रहा है। जिलेभर में शिक्षक के मूल कार्य से अलग हरकत करने वाले शिक्षकों में यह सिंडीकेट कहां से पनप रहा है, इसे लेकर गहनता से जांच की जा रही है।
-
अलग-अलग बीईओ देंगे जांच आख्या
कुर्सी में तैनात रहे शिक्षक शरद कुमार को बीएसए ने निलंबित करते हुए मढ़ापुर कंपोजिट में संबद्ध किया है। वहीं अजीतमल व एरवाकटरा खंड शिक्षा अधिकारियों को जांच सौंपी है। वहीं ऐली में तैनात रहे शिक्षक नेत्रपाल सिंह सेंगर के मामले में जांच अछल्दा व बिधूना बीईओ को सौंपी गई है। नेत्रपाल सिंह को असेवटा में संबद्ध किया गया है।
निलंबन तक ही कार्रवाई नहीं, सेवा समाप्ति की है तैयारी
बेसिक शिक्षा विभाग में पिछले दिनों हुई कई घटनाओं को लेकर अधिकारी कड़ा संदेश देने की तैयारी में हैं। इसके लिए एक-एक बिंदुवार पुख्ता तरीके से कवायद की जा रही है। इसमें निलंबित किए गए शिक्षकों पर यह कार्रवाई अभी सेवा समाप्ति तक पहुंचेगी। इसके लिए विभाग पूरी सक्रियता से लगा हुआ है।
वर्जन
20 मार्च को कन्नौज बीएसए की ओर से पत्राचार के साथ वीडियो फुटेज उपलब्ध कराए गए थे। इनकी गोपनीय कराई गई जांच में औरैया के दो शिक्षक एंटीकरप्शन टीम के छापे के दौरान सीसीटीवी व एनवीआर उखाड़ते पाए गए हैं। उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबित किए गए शिक्षक पूर्व में भी कई घटनाओं में शामिल रहे हैं। शिक्षक आचरण के विपरीत इनकी कार्यशैली पाई गई है।
- अनिल कुमार, बीएसए, औरैया।