औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के इंडियन ऑयल चौकी के पास एक निजी बस के परिचालक ने महिला के साथ शरण देने के नाम पर दुष्कर्म किया। गुरुवार सुबह पीड़िता ने कोतवाली पहुंच पुलिस को घटना की तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी परिचालक की तलाश शुरू की है।
जालौन के रामपुरा थाना क्षेत्र की निवासी महिला ने गुरुवार सुबह औरैया कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। बताया कि बुधवार शाम को वह कानपुर से अपनी ससुराल जालौन के माधौगढ़ थाना क्षेत्र जा रही थी। जहां सचेंडी चौराहे पर वह बस बदलने के लिए उतरी। इस दौरान एक प्राइवेट बस के परिचालक के अकबरपुर, औरैया चिल्लाता सुन वह बस में बैठ गई।
देर रात बस औरैया आकर रुक गई। बस से उतरने के दौरान परिचालक ने उससे कहा कि रात में कहां भटकोगी, यहीं बस में रुक जाओ खाने की व्यवस्था करा देगा। सुबह अपने घर चली जाना। अनपढ़ होने के साथ रास्ता न मालूम होने पर वह विश्वास कर बस में ही रुक गई। आरोप है कि रात करीब एक बजे परिचालक ने उसके दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपी बस से उतरकर भाग गया। डर की वजह से वह सुबह तक बस में ही बैठी रही। सुबह होने पर वह लोगों से रास्ता पूछकर कोतवाली पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी परिचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर महिला का डॉक्टरी परीक्षण करवाया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।