औरैया। 50 शैया जिला अस्पताल की इमरजेंसी में ईएमओ ( इमरजेंसी मेडिकल ऑफीसर ) की तैनाती से व्यवस्थाएं सुधरी हैं। मरीजों को विशेषज्ञों के जरिये परामर्श मिलना शुरू हुआ है। सोमवार को 50 शैया जिला अस्पताल में 400 से ज्यादा मरीजों ने रजिस्ट्रेशन कराया। जिन्हें परामर्श के साथ दवाएं दी गईं।
अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ईएमओ के अभाव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित की जाती है। ऐसे में वर्षों से जिला अस्पताल की ओपीडी ईएमओ का काम देखने के चलते चिकित्सकों के अभाव में प्रभावित रहती थी। चाहे बाल रोग विशेषज्ञ हो या महिला। सीमित चिकित्सकों से इमरजेंसी व ओपीडी दोनों को प्रभावित होना पड़ता। वहीं एक सप्ताह पूर्व अस्पताल में हुई ईएमओ पद पर डॉ. रिया मिश्रा की तैनाती से काफी कुछ व्यवस्था पटरी पर आई है।
फिलहाल जिला अस्पताल में 14 चिकित्सकों की तैनाती है। इसके साथ ही टेली मेडिसन के तौर पर आईं डॉ. प्रियांशी फिलहाल महिला मरीजों को परामर्श दे रहीं हैं। चिकित्सा अधिकारियों की माने तो जल्द ही मोबाइल फोन के माध्यम से परामर्श दिए जाने की सुविधा शुरू करा दी जाएगी।
-
बोले जिम्मेदार-
ओपीडी में 400 से ज्यादा मरीज आए थे। विशेषज्ञ चिकित्सकों की ओर से मरीजों को परामर्श दिया गया। ईएमओ की तैनाती से ओपीडी का संचालन बेहतर ढंग से होने लगा है। जल्द ही टेली मेडिसन को भी प्रभावी कर दिया जाएगा।
-डॉ. मंजू सचान, सीएमएस 50 शैया जिला अस्पताल