डेढ़ किलो मीटर कार में फंस कर घिसटी वृद्धा, मौत
डेढ़ किलो मीटर कार में फंस कर घिसटी वृद्धा, मौत
- कार सवार लोग नकेड़ी पुलिया के पास महिला को कार से हटाकर भागे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना(औरैया)। नगर पंचायत कार्यालय के पास बेला की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने वृद्धा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला की साड़ी कार में फंस गई और घिसटते हुए करीब डेढ़ किलो मीटर दूर तक चली गई। कुछ लोगों को पीछे से आता देख कार सवार पुलिया के पास महिला को निकाल भाग निकले। अस्पलात लेकर पहुंचने पर वृद्धा ने दमतोड़ दिया। घटना को लेकर आक्रोशित लोगों ने हंगामा किया। पुलिस ने समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिधूना कस्बे के आर्य नगर निवासी रमेश यादव की पत्नी रीता देवी(60) नगर पंचायत कार्यालय की ओर जा रही थी। रात 10:20 बजे के करीब बेला की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने रीता को पीछे से टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगने के बाद वृद्धा की साड़ी कार के बंफर में फंस गई। हादसे देख लोगों ने शोर मचाया और पीछा करना शुरू किया। इसी बीच कार सवार करीब डेढ़ किलो मीटर दूर नकेड़ी पुलिया के पास पहुंचने पर बंफर में फंसी साड़ी निकाल घायल अवस्था में वृद्धा को छोड़ कर भाग निकले। हादसे की जानकारी स्थानीय लोगों ने परिजन और पुलिस को दी। जब तक घायल को सीएचसी बिधूना लाया जाता उसकी मौत हो गई। अस्पताल लाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। इधर घटना को लेकर परिजन व स्थानीय लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि परिवार में 23 जून को शादी है। घर पर शादी की तैयारियां चल रही है। देर रात रीता सड़क पार करके दूसरे मकान में जा रही थी, तभी हादसे का शिकार हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को शांत कराने के साथ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। कोतवाली प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कार सवारों की तलाश की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।