अछल्दा(औरैया)। टूंडला-कानपुर मेमू ट्रेन से अछल्दा स्टेशन पर उतरते वक्त एक वृद्ध का पायदान से पैर फिसल गया। इससे वृद्ध प्लेटफार्म नंबर दो के ट्रैक पर जा गिरा। इसी बीच ट्रेन चल दी और कई कोच उसके दाहिने पैर से गुजर गए और पैर कट गया। आरपीएफ व स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने किसी तरह उसे खींच कर ऊपर किया और गंभीर हालत में अस्पताल ले गए। जहां से सैफई रेफर किया गया है।
दिबियापुर थाना क्षेत्र के असेनी गांव निवासी इस्माइल खान (60) परिवार के साथ इटावा में रहते हैं। गुरुवार सुबह वह इटावा से मेमू ट्रेन संख्या 04188 से बेटी नूरी बेगम पत्नी कल्लू खां निवासी नहर बाजार, अछल्दा के घर आ रहे थे। अछल्दा स्टेशन के प्लेटफार्म दो पर ट्रेन 9 बजकर 44 मिनट पर पहुंची। यात्रियों के साथ इस्माइल भी उतरने लगे। जल्दबाजी में उनका पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रैक पर गिर गए।
एक मिनट के लिए रुकी मेमू ट्रेन इसी बीच चल दी और उनके दाहिने पैर के ऊपर से कई कोच गुजर गए। वृद्ध की चीख-पुकार सुन स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ के जवान और यात्री दौड़े। किसी तरह से इस्माइल को खींच कर प्लेटफार्म के ऊपर किया। आरपीएफ गंभीर हालत में उन्हें सीएचसी अछल्दा ले गई। डॉक्टर गौरव कुमार ने बताया कि वृद्ध यात्री का दाहिना पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था, जिससे उसका पैर कट गया। हालत गंभीर होने पर सैफई रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद स्टेशन पर लगी यात्रियों की भीड़। संवाद- फोटो : AURAIYA