संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत शहर को मानकों पर खरा उतारने के लिए घर-घर कूड़ा उठान के बाद अब सफाई व्यवस्था को हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू की गई है। इस कवायद में स्वीपिंग मशीन लाई जाएगी। इससे सड़क से लेकर गलियों की सफाई व कचरे का उठान एक साथ हो सकेगा। चुनाव बाद इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।
नगर पालिका परिषद की ओर से शुरू की गई तैयारी के तहत 30 से 40 लाख रुपये की एक स्वीपिंग मशीन जुटाई जाएगी। इसकी एक बार में क्षमता तीन से चार क्विटंल कचरे का उठान करते हुए झाड़ू लगा पाने की होगी। बता दें कि शहर में रोजाना 19 क्विटंल कचरा निकलता है। इसमें साफ-सफाई के दौरान निकला कचरा व घर-घर कूड़े का उठान शामिल है।
वहीं नालियों की सिल्ट सफाई इस कड़ी में अलग है। जानकारों की माने तो स्वीपिंग मशीन से नगर पालिका परिषद कम कर्मचारी में ज्यादा दायरे में सफाई व गुणवत्तापूर्ण काम कर सकेगी। नगर पालिका के सफाई बेड़े में शामिल अन्य वाहनों को एमआरएफ सेंटर के लिए प्रयोग में लाया जा सकेगा। फिलहाल शहर की हाईटेक सफाई व्यवस्था को लेकर तीन से लेकर चार माह का समय लग सकता है। फिलहाल इसे लेकर नगर पालिका परिषद की ओर से कागजी व रणनीतिक तैयारी शुरू कर दी गई है।
बहुत बड़ा है नगर पालिका में सफाई उपकरणों का बेड़ा
औरैया शहर के 25 वार्डों में 450 के करीब हैं। 12 ट्रैक्टर से लेकर, सात कूड़ा उठान करने वाली गाड़ी, 30 साइकिल जड़ित कूड़ा उठान गाड़ी, दो बड़े ट्रक समेत काफी संख्या में संसाधन है। दो जेसीबी भी है। कई संसाधन कबाड़ में भी जा पहुंचे हैं। सौंधेमऊ में संचालित एमआरएफ सेंटर को कूड़ा पहुंचाने के लिए ट्रैक्टर से लेकर ट्रक काफी हद तक कारगर होंगे। ऐसे में सफाई व्यवस्था स्वीपिंग मशीन के जरिए कराने पर अन्य वाहन व कर्मचारियों की कम उपलब्धता में भी काम हो जाएंगे।
झाड़ू की जद्दोजहद होगी कम
तड़के व रात में शहर के प्रमुख मार्गों व गलियों से लेकर सार्वजनिक स्थानों पर नगर पालिका के कर्मचारी सफाई व्यवस्था में जुट जाते है। झाड़ू लगाने से लेकर कूड़े के कलेक्शन व उठान की कवायद की जाती है। यह पूरी कवायद महज एक मशीन से हो जाया करेगी।
वर्जन
नगर पालिका परिषद में स्वीपिंग मशीन की खरीद को लेकर तैयारी की जा रही है। शहर के लिए कितनी मशीनें ठीक रहेंगी इसका अभी आकलन किया जा रहा है। अभी आदर्श आचार संहिता लगी है। लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद इन्हें खरीदते हुए हाईटेक सफाई व्यवस्था को अपनाया जाएगा।
-अनूप गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष