दिबियापुर। घरेलू प्राकृतिक गैस मूल्य निर्धारण दिशा निर्देशों को संशोधित करने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के ऐतिहासिक फैसले के बाद औरैया, कानपुर देहात और इटावा में भी सीएनजी एवं पीएनजी की कीमतों में कमी आई है। अब तीनों जिलों में सीएनजी की दरों में 7.25 प्रति किलोग्राम एवं पीएनजी में पांच रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर की कमी आई है। शनिवार शाम से नई कीमतें लागू हो गईं।
लगातार कई महीनों से सीएनजी (संपीड़ित नेचुरल गैस) और पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) की कीमतों में उछाल देखने को मिल रहा था। गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट मामलों की आर्थिक समिति यानि सीसीईए की बैठक में सरकार ने गैस की कीमतों के निर्धारण के नए फार्मूले को मंजूरी दी थी। इसके बाद से गैस की कीमतों में कमी आने की उम्मीद की जा रही थी।
टोरेंट गैस के निदेशक जीनल मेहता का कहना है कि हम संशोधित घरेलू प्राकृतिक गैस मूल्य निर्धारण दिशा निर्देशों को मंजूरी देने के लिए भारत सरकार के आभारी हैं। इससे हमें सीएनजी और पीएनजी की कीमतें कम करने में मदद मिली। देश भर के लाखों ग्राहकों को इसका लाभ मिलेगा। बताया कि औरैया, कानपुर देहात और इटावा में सीएनजी की कीमतों में 7.25 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी की गई है। अब सीएनजी 89.75 रुपए प्रति किलोग्राम मिलनी शुरू हो गई है।
वहीं, पीएनजी की कीमतों में पांच रुपये प्रति एससीएम (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की कमी की गई है। अब नई दरें 49 रुपये प्रति एससीएम होंगी। अब उपभोक्ता एलपीजी गैस के मुकाबले पीएनजी उपयोग कर 21 प्रतिशत की बचत कर सकेंगे। जबकि सीएनजी उपयोग करने वाले उपभोक्ता पेट्रोल के मुकाबले 38 प्रतिशत एवं डीजल के मुकाबले 11 प्रतिशत की बचत कर सकेंगे। टोरेंट गैस के औरैया, कानपुर देहात एवं इटावा में 26 सीएनजी स्टेशन हैं। जबकि पीएनजी की घर-घर आपूर्ति के लिए कई स्थानों पर पाइप लाइनें बिछा दी गई हैं। काफी समय बाद सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में कमी होने पर उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है।