संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आर्य नगर में दिन दहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने घर के बाहर खड़ी महिला की गले से चेन छीनकर भाग गए थे। दिन दहाड़े हुए इस वारदात से लोगों ने सुरक्षा को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। एसपी चारु निगम ने सोमवार को लापरवाही पर चौकी प्रभारी नारायनपुर को लाइन हाजिर कर दिया है।
एसपी चारु निगम ने सोमवार रात नारायनपुर चौकी प्रभारी नरेंद्र कुमार को लाइन हाजिर किया है। एसपी ने बताया कि महिला की चैन छीनने वाले लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही लुटेरे पकड़े जाएंगे। बता दें कि मोहल्ला आर्य नगर के टावर गली निवासी रेणुका पांडेय पत्नी पीयूष पांडेय रविवार की दोपहर लगभग 1:30 बजे घर के बाहर खड़ी थीं।
तभी बाइक सवार नकाबपोश दो युवकों ने झपट्टा मारकर गले से चैन छीन कर भाग गए थे। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर कई जगहों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस को अभी तक लुटेरों का सुराग नहीं लगा है। एसपी द्वारा चौकी प्रभारी पर की गई कार्रवाई इसी घटना को लेकर होना बताया जा रहा है।