फोटो 20 एयूआरपी 10- रामपुर-बामपुर में बनाया जा रहा नाला।
नाला निर्माण में घटिया सामग्री लगाए जाने का आरोप
बिधूना (औरैया)। क्षेत्र के रामपुर-बामपुर मार्ग पर गंदे पानी की निकासी के लिए नगर पंचायत की ओर से बनाए जा रहे नाले में पूर्व सभासद ने घटिया सामग्री का प्रयोग किए जाने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र भेजा है। सामग्री की जांच की मांग की है। नगर पंचायत की ओर से बिधूना-अछल्दा मार्ग पर स्थित रामपुर-बामपुर गांव की रोड पर बनाए जा रहे नाला निर्माण पर सवाल खड़े होने लगे हैं। कस्बे के पूर्व सभासद प्रमोद कुमार और पूर्व सभासद राजेश्वरी देवी के पुत्र विपिन कुमार ने नाले में घटिया ईंट का प्रयोग किए जाने की जिलाधिकारी से गुरुवार को शिकायत की है। दोनों का कहना है कि ठेकेदार की ओर से घटिया ईंट का प्रयोग किया जा रहा है। जब इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ सुनील कुमार से बात की तो उन्होंने बताया कि ईंट की गुणवत्ता के बारे में जेई ही बता सकेंगे। साथ ही नाला निर्माण में पांच लोगों को निर्माण का टेंडर मिला हुआ है। उसी हिसाब से आवंटन किया गया है। इस संबंध में नगर पंचायत के जेई अवधेश मौर्य ने बताया कि ईंट की गुणवत्ता सही है। ब्यूरो