औरैया। राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत टीबी हारेगा, देश जीतेगा अभियान शुरू हो गया है। ये 25 जनवरी तक चलेगा।
प्रथम चरण एक जनवरी तक अनाथालय, वृद्धाश्रम, नवोदय विद्यालय में टीबी एवं कोविड-19 के संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। दूसरे चरण दो से 12 जनवरी तक में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र की मलिन बस्तियों, घनी आबादी एवं हाई रिस्क क्षेत्र में जांच की जाएगी। तीसरे चरण में 13 से 25 जनवरी तक जिले के पंजीकृत सभी निजी चिकित्सकों, मेडिकल स्टोर संचालकों से सीधा संपर्क किया जाएगा। एक माह के दौरान कोरोना की जांच, टीबी, मधुमेह एवं एचआईवी की जांच की जाएगी। टीबी के नए मरीज मिलने पर 500 रुपये प्रतिमाह पोषण युक्त भोजन के लिए दिए जाएंगे। मरीज की छह माह तक दवा चलेगी। अभियान के तहत घर-घर जाकर आमजन को टीबी के लक्षण बताए जाएंगे। जैसे दो हफ्तों से ज्यादा खांसी, बलगम के साथ खून आना, सीने में दर्द की शिकायत, 15 दिन से लगातार बुखार आना, लगातार वजन कम होने पर बलगम की जांच कराई जाएगी।
वर्जन
जिले में एक माह तक तीन चरणों में ये अभियान चलेगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक टीबी मरीजों तक पहुंचना है।
- डॉ. अशोक राय, जिला क्षय रोग अधिकारी