औरैया। खनन विभाग की टीम ने सोमवार की दोपहर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मौरंग, गिट्टी व बालू की ले जा रहे मालवाहकों की गहनता से चेकिंग की। इस दौरान 20 मालवाहक ओवरलोड पाए गए। जिन पर जुर्माना लगाते हुए चालान की कार्रवाई की गई। चेकिंग को देखते हुए खनन माफियाओं में खलबली देखने को मिली।
यमुना नदी पुल बंद होने की वजह से जालौन छोर से शेरगढ़ घाट देवकली चौकी होते हुए शहर आने वाले वाहन बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से निकल रहे हैं। यहां पर मौरंग, गिट्टी व बालू की ओवरलोड खेप को भिजवाने का काम चोरी छिपे खूब होता है। अधिकारियों की नजर हटने का इंतजार माफिया करते हैं। जिलाधिकारी नेहा प्रकाश के निर्देश पर सोमवार दोपहर खनन अधिकारी देशराज सिंह की टीम ने एक्सप्रेसवे पर मालवाहकों की चेकिंग की। बारी-बारी से तीन घंटे की पड़ताल में 20 ट्रक व डंपर ओवरलोड पकड़े गए। इन पर आठ लाख रुपये से ज्यादा का जुर्माना लगाया गया। एक्सप्रेसवे पर इन मालवाहकों की लंबी कतार लग गई। ऐसे में सेफ्टीकोन लगाकर चेकिंग को प्रभावी रखा गया। खनन अधिकारी देशराज सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर चेकिंग की गई है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे माफियाओं के लिए मुफीद न रहे इसे लेकर नजर टिका दी गई है। ओवर लोड और अवैध खनन को लेकर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।
एक अप्रैल से 19 जून तक पकड़े गए 408 ओवरलोड वाहन
खनन विभाग की ओर से प्रत्येक माह के 10 कार्य दिवस में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाता है। एक अप्रैल से 19 जून तक इस बार 408 ओवरलोड वाहन पकड़े गए हैं। जिसमें से 270 वाहनों का एक करोड़ आठ लाख 53 हजार के करीब जुर्माना सरकारी कोष में जमा कराया गया। शेष 138 वाहनों का करीब 35 लाख रुपये तक अभी वसूला जाना बाकी है।