दिबियापुर। अब सबसे कम दूरी के रेलवे स्टेशन के लिए 30 की जगह 10 रुपये किराया लगेगा। गुरुवार रात हुए अपडेट के बाद नई कीमतों से यात्रियों को टिकट मिलना शुरू हुआ। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
अभी तक स्पेशल मेमू के नाम से चल रहीं पैसेंजर मेमू ट्रेनों में यात्रा के लिए लोगों को एक्सप्रेस ट्रेन का किराया देना पड़ रहा था। दरअसल कोरोना महामारी के लगभग डेढ़ वर्ष बाद रेलवे ने पैसेंजर मेमू ट्रेनों का संचालन स्पेशल मेमू ट्रेनों के नाम से शुरू कर दिया था। छोटे रेलवे स्टेशनों पर रुकने वाली पैसेंजर मेमू ट्रेनों के लिए भी यात्रियों को एक्सप्रेस ट्रेनों की भांति किराया देना पड़ रहा था।
जिले के प्रमुख रेलवे स्टेशन फफूंद से सबसे कम दूरी वाले रेलवे स्टेशन पाता और कंचौसी के लिए भी यात्रियों को 30 रुपये देने पड़ रहे थे। इससे सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्र के गरीब यात्रियों को उठानी पड़ रही थी। लंबे समय से स्पेशल मेमू ट्रेनों का किराया पूर्ववत सामान्य किए जाने की मांग कर रहे थे। रेल कर्मियों के अनुसार गुरुवार की रात 12 बजे से स्पेशल मेमू ट्रेनों का किराया पूर्ववत पैसेंजर मेमू ट्रेनों की भांति कर दिया गया है।
अब फफूंद रेलवे स्टेशन से सबसे कम दूरी वाली रेलवे स्टेशनों, पाता और कंचौसी के लिए यात्रियों को मात्र 10 रुपये देने पड़ेंगे। अब फफूंद रेलवे स्टेशन से इटावा होते हुए टूंडला रेलवे स्टेशन तक जाने के लिए 65 रुपये के बजाय 35 रुपये देने पड़ेंगे जबकि कानपुर होते हुए लखनऊ जाने के लिए भी मात्र 35 रुपये देने पड़ेंगे।
कोरोना काल के बाद रेलवे स्टेशनों के अनारक्षित रेलवे काउंटरों (यूटीएस) और ऑटोमेटिक टिकट वैंडिंग मशीन (एटीवीएम) पर अभी तक केवल मेल एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों के लिए ही टिकट मिल रहे थे। अब एटीवीएम और यूटीएस पर सुपरफास्ट, मेल एक्सप्रेस एवं साधारण तीन तरह के टिकट मिलने शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही यूटीएस एप के माध्यम से तीनों तरह के टिकट मिलने शुरू हो गए हैं।