बिधूना। दो साल से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में खराब पड़ी सीबीसी मशीन सोमवार को ठीक हो गई। सीएचसी में आए दो मरीजों की जांच हुई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना को करीब दो साल पहले सीबीसी मशीन सीएमओ कार्यालय से उपलब्ध कराई गई थी। सीबीसी मशीन का प्रिंटर खराब होने की वजह से मरीजों को ब्लड संबंधित जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही थी। जांच के लिए उनको जिला संयुक्त अस्पताल, इटावा, कन्नौज या प्राइवेट लैब जाना पड़ रहा था। बता दें कि बिधूना सीएचसी में प्रतिदिन तीन सौ अधिक मरीज आते हैं।
13 सितंबर को अमर उजाला में सीबीसी व बायोकेमेस्ट्री मशीन खराब शीर्षक से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर का संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने सीबीसी मशीन का प्रिंटर सही कराने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि सोमवार को दिल्ली से इंजीनियर अंकित अग्रवाल व मोहम्मद नासिर बिधूना सीएचसी पहुंचे और सीबीसी मशीन की जांच की। खराब प्रिंटर को सही किया। इसके बाद दो मरीजों के सैंपल लिए गए।