बिधूना। अछल्दा-बिधूना मार्ग पर बुधवार रात को दवा लेकर घर लौट रहे शिक्षक के ऊपर पसुआ पुल के पास घात लगाए बैठे नकाबपोशों ने सरिया से हमला बोल दिया। हमले में शिक्षक के हाथ पर चोट आई है। इस घटना में पीड़ित शिक्षक ने अपने ही स्कूल के छात्र व उसके साथियों पर शक जाहिर कर पुलिस को तहरीर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के कुसमरा निवासी प्रबल प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि वह नगर के जनता इंटर काॅलेज में शिक्षक हैं। बुधवार रात लगभग सवा 10 बजे वह स्कूटी से बिधूना दवा लेने गए थे। जहां से दवा लेकर वह रात में ही घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी स्कूटी अछल्दा-बिधूना मार्ग पर पसुआ पुल के पास पहुंची थी, पहले से ही हाथों में सरिया लेकर खड़े चार-पांच नकाबपोशों ने उनको रोकने का प्रयास किया।
विज्ञापन
मामला संदिग्ध देख शिक्षक ने स्कूटी नहीं रोकी। यह देख आरोपियों ने उनके ऊपर सरिया से हमला कर दिया। जिससे हाथ में सरिया लगने से शिक्षक घायल हो गए। इस पर शिक्षक ने अपनी स्कूटी की रफ्तार तेज की और घटना स्थल से थोड़ी दूर पर खड़े लोगों के पास पहुंच कर अपनी जान बचाई।
कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जिसमें शिक्षक की ओर से अपने ही स्कूल के कुछ छात्रों पर शक जताया गया है। शिक्षक को डॉक्टरी परीक्षण के लिए सीएचसी बिधूना भेजा है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।