संवाद न्यूज एजेंसी
फफूंद । क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को एक नव विवाहिता ने गले में चुनरी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका पति के साथ अकेली रहती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोष्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना क्षेत्र के गांव बन का पुरवा निवासी अवनीश की 22 वर्षीय पत्नी रिंकी ने बुधवार की शाम लगभग चार बजे घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में अपनी चुनरी से छत में लगे पंखे फंदा बनाकर गले में लगा कर झूल गई। इससे उसकी मौत हो गई। घटना के समय पति घर पर नहीं था। ग्रामीणों ने बताया कि वह पाता प्लांट में मजदूरी करता है।
मृतका की सास सरोज अपने दूसरे बेटे के साथ दिल्ली में रहती है। वह दो दिन पहले ही गांव आई थी। घटना के समय वह भी गांव में ही कहीं गई हुई थी। घर पहुंचे गांव के बच्चों ने रिंकी को फंदे पर लटका देख ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसके पति को खबर दी। पति घर पहुंचा तो उसने गांव घसा का पुर्वां चौकी कंचोसी थाना दिबियापुर निवासी अपने ससुर रामशंकर को फोन पर घटना की सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस बीच परिजन भी मौके पर आ गए थे। महिला की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतका की लगभग दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। उसके कोई संतान नहीं थी। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।