अछल्दा। आगरा से दवा लेकर लौट रहे एक व्यक्ति की ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। भरथना स्टेशन के समीप हालत बिगड़ने पर परिजन ने उन्हें सीएचसी अछल्दा पहुंचाया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। बिधूना कोतवाली के गांव रुरुगंज निवासी संजीव कुमार (50) मंगलवार को अपने पिता के साथ दवा लेने आगरा गए थे। मंगलवार देर रात करीब 10 बजे वे मेमू ट्रेन से वापस लौट रहे थे। यात्रा के दौरान भरथना स्टेशन निकलने के बाद अचानक संजीव की तबीयत बिगड़ गई। पिता ने फोन कर परिजन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन अछल्दा स्टेशन पहुंचे और संजीव को निजी वाहन से सीएचसी ले गए। वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की अचानक मौत से पत्नी प्रीति का रो-रोकर बुरा हाल है। बुधवार दोपहर परिजन शव का अंतिम संस्कार कर दिया। (संवाद)