औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो सवार मामी-भांजी की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
कानपुर देहात के कस्बा राजपुर निवासी बिस्मिल्लाह खातून पत्नी इदरीश खान (55) अपनी भांजी जैनब पुत्री इजरायल (8) निवासी खानपुर के साथ आटो में बैठकर रिश्तेदारी में औरैया आ रही थीं। जैसे ही ऑटो भाऊपुर के समीप पहुंचा कि तभी तेज बारिश होने लगी।
जिस पर चालक ऑटो रोक कर उस पर पन्नी डालने लगा। इसी दौरान कानपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। जिससे ऑटो सवार बिस्मिल्लाह, उसकी भांजी जैनब, विनय पुत्र मुंशीलाल निवासी रूपपुरा व एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना होते देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कोतवाली पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस घायलों को उठाकर 50 शैया युक्त जिला चिकित्सालय ले गई। वहां पर डाक्टरों ने बिस्मिल्लाह खातून एवं जैनब को मृत घोषित कर दिया। जबकि हालत गंभीर होने पर विनय निवासी रूपपुरा व एक अज्ञात व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद सैफई रेफर किया।
घटना की जानकारी होने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लिया गया है। ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है, तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।