औरैया। मुख्यालय ककोर स्थित बिजली केंद्र पर लगी एक मशीन में शुक्रवार देर रात अचानक से फाल्ट के चलते आग लग गई। जिससे इस केंद्र से जुडे़ लगभग 60 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना पर पहुंचे जेई ने बिजली कर्मचारियों की मदद से दूसरे फीडर से आपूर्ति जोड़ने का काम कराया। इसके चलते रात भर इन गांवों के ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं सुबह बिजली कर्मचारियों की टीम ने नई मशीन लगाने का काम शुरू किया।
ककोर स्थित 33 केवीए बिजली केंद्र से जुड़े ग्रामीण फीडर में अचानक से कहीं कोई फाल्ट हो गया। जिसके चलते बिजली केंद्र पर लगी मशीन में आग लग गई। इससे पहले कि मौजूद बिजली कर्मचारी कुछ समझ पाते पूरी मशीन जल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने मशीन में लगी आग बुझाई। मशीन जलने से इससे जुड़े 60 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।
विज्ञापन
सूचना पर देर रात पहुंचे जेई विवेक खरे ने बिजली कर्मचारियों की टीम के साथ दूसरे फीडर से आपूर्ति बहाल कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच तेज बारिश शुरू हो गई। जिससे आपूर्ति बहाल किए जाने में बाधा उत्पन्न हो गई। लगभग दो घंटे बाद फिर से आपूर्ति बहाल करने पर काम शुरू कराया गया।
लाइन में फाल्ट होने से बिजली केंद्र ककोर पर लगी मशीन में आग लग गई। इससे लगभग 60 गांवों की आपूर्ति ठप हो गई। रात में दूसरे फीडर से आपूर्ति बहाल कराई गई। बारिश के चलते थोड़ी परेशानी हुई। हालांकि बाद में सभी गांवों की आपूर्ति बहाल करा दी गई। इसके साथ ही जली मशीन को हटवा कर नई मशीन लगाई जा रही है। जिससे समस्या का स्थाई समाधान हो सके। - विवेक खरे, अवर अभियंता
अयाना व कछपुरा केंद्र की आपूर्ति 11 घंटे रही ठप अयाना। अयाना व कछपुरा बिजली केंद्र को गई 33 केवीए की लाइन में फाल्ट आ जाने से दोनों बिजली केंद्रों से जुड़े लगभग 100 गांवों की आपूर्ति ठप शुक्रवार दोपहर एक बजे से ठप रही। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता शिवदत्त ने बिजली कर्मचारियों की टीम के साथ फाल्ट दुरुस्त कराने का प्रयास किया लेकिन बारिश के चलते फाल्ट को नहीं ढूंढ़ा जा सका। इस पर अवर अभियंता ने देर रात असेनी से अजीतमल उपकेंद्र को जाने वाली 33 केवीए की लाइन से अयाना व कछपुरा बिजली केंद्रों की लाइन जोड़कर रात लगभग साढ़े 12 बजे आपूर्ति बहाल कराई।
कंचौसी के 27 गांव बिजली कटौती से रहे प्रभावित कंचौसी।
तेज बारिश से कंचौसी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। असेनी पावर हाउस से जुड़े बिहारीपुर उपकेंद्र की लाइन शुक्रवार शाम चार बजे ठप हो गई। आपूर्ति ठप होने से उपकेंद्र से जुड़े बिहारीपुर, कंचौसी गांव, जमौली, बिनपुरापुर, अजमतपुर, चंद्रपुर, प्रसाद पुरवा, रोशनपुर, कंचौसी बाजार, घसापुरवा, ढिकियापुर, सहायपुर सहित 15 गांवो की बिजली आपूर्ति 16 घंटे ठप रही। शनिवार सुबह नौ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। वहीं नोगवा फीडर की लाइन में शुक्रवार शाम सात बजे अमोहार के पास फाल्ट हो गया। तार टूटने से नोगवा, पुरवा महिपाल, अमरपुर, विजई पुरवा, सुंदरपुर, रंजीतपुर, बट्ठाहा, कनमऊ सहित 12 गांवों की पूरी रात बिजली बंद रही।
आज दो घंटे बंद रहेगी आपूर्ति
शहर के यमुना रोड स्थित एक नंबर बिजली केंद्र की 33 केवी लाइन से सटी पेड़ों की टहनियों को काटने व लाइन मरम्मत का काम किया जाएगा। जिसके चलते रविवार सुबह नौ बजे से 11 बजे तक शहर की बिजली आपूर्ति बंद रहेगी।