बिधूना। अयोध्या के नवनिर्मित मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के मद्देनजर यहां के मंदिरों में साफ-सफाई व पूजा-पाठ के कार्यक्रमों को लेकर बुधवार को कस्बा स्थित प्राचीन दुर्गा मन्दिर में राज्यसभा सांसद गीता शाक्य पहुंचीं। उन्होंने साफ-सफाई कर पूजा-पाठ किया। मंदिर परिसर में जरूरतमंदों को कंबल बांटे। उन्होंने कहा कि 22 जनवरी को घर-घर दीप जरूर जलाएं।
दुर्गा मंदिर में विराजमान श्रीराम दरबार की राज्यसभा सांसद गीता शाक्य व उनके पति मुकुट शाक्य ने आरती की। सांसद ने कहा कि देश के प्रत्येक व्यक्ति को खुशी है कि 22 जनवरी को अयोध्या के नवनिर्मित मंदिर में रामलला विराजमान होंगे। वह दिन ही बहुत ही दिव्य, भव्य और अद्भुत होगा। कहा कि कई वर्षों से रामलला के भव्य मंदिर बनने का पूरा देश इंतजार कर रहा था। 22 जनवरी को सभी लोग अपने-अपने घरों में दीप जलाकर हर्षोल्लास के रूप में दीपावली मनाएं।
इस मौके पर एसडीएम निशांत तिवारी, तहसीलदार रनवीर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श मिश्रा, ऋषि पांडेय, सत्यम त्रिवेदी, आशीष वर्मा, अन्नू त्रिवेदी समेत सैकडों लोग मौजूद रहे।