औरैया। अधिक दाम पर खाद बेचे जाने व मिलावटखोरी की शिकायत पर तहसील प्रशासन और कृषि विभाग के अधिकारियों ने खाद्य दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान खामियां मिलने पर चार दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए गए। वहीं, तीन दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर औरैया, अजीतमल व बिधूना तहसील में छापा मारा गया। एसडीएम अजीतमल अखिलेश कुमार के साथ जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने खाद बिक्री आदि की बारीकियां परखीं। एसडीएम सदर मनोज कुमार सिंह के साथ में अपर जिला कृषि अधिकारी सुबोध कुमार पांडेय रहे।
बिधूना में नायब तहसीलदार जीतेश वर्मा ने उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी हिमांशु रंजन श्रीवास्तव के साथ छापा मारा। अधिकारियों की टीम ने 24 थोक एवं फुटकर उर्वरक विक्रेताओं की दुकानें चेक कीं। कृषि अधिकारी शैलेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि मेसर्स विशेष ट्रेडर्स औरैया के स्टाक में भिन्नता पाई गई।
मेसर्स श्याम कृषि सेवा केन्द्र औरैया द्वारा दुकान बंद कर चले जाने व मेसर्स कृषि सेवा केंद्र एग्री जंक्शन बरमूपुर, मेसर्स नैना खाद भंडार ऐरवाकटरा की ओर से निर्धारित दर पर उर्वरक की बिक्री न करने पर लाइसेंस निलंबित किया गया है। बताया कि खाद की कालाबाजारी करने व मिलावट खोरी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिनको नोटिस दिया गया उनसे तीन दिन में जवाब मांगा गया है।