औरैया।
जन्माष्टमी पर्व को लेकर मंदिरों से लेकर घरों तक जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। बाजारों में भगवान लड्डू गोपाल की मूर्ति, उनके कपड़े, मालाएं आदि की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुट रही है। मंगलवार देर रात तक मंदिर व घरों को सजाने का दौर चलता रहा।
कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व छह व सात सितंबर को मनाया जाएगा। जिसमें छह सितंबर को मंदिराें में जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। इसको लेकर तैयारियों का दौर जारी है। ठाकुर जी को जन्मदिन पर खूबसूरत वेशभूषा में सजाने को लेकर लोग जरीदार गोटा युक्त कपड़े पसंद कर रहे हैं। सजावट को लेकर श्रद्धालु बाजार में दुकानों पर विभिन्न रंगों वाली पोशाक खरीदते नजर आए। वहीं चमकीले मोतियों की माला श्रद्धालुओं की पहली पसंद बनी हुई। मोर पंखी मुकुट और बांसुरी की खूब बिक्री हो रही है।
बाजारों में बर्तन की दुकानों पर पीतल के लड्डू गोपाल की मूर्तियों की भी जमकर बिक्री हो रही है। दुकानों पर पांच सौ रुपये से लेकर तीन हजार तक की पीतल की लड्डू गोपाल की मूर्तियां हैं। वहीं भगवान को झूले में बिठाकर झुलाने के लिए लोग अलग-अलग तरह के झूले खरीदते दिखे।
शहर के साथ ही ग्रामीण इलाकों के राधा-कृष्ण के मंदिरों पर साफ सफाई व सजावट की तैयारी चलती रही। पुलिस लाइन व थानों के मंदिरों में भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा।