संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। सूफी गायक व पदमश्री सम्मानित कैलाश खेर का सोमवार को कैलासा बैंड के साथ पुराने नुमाइश मैदान पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम के एक दिन पूर्व बारिश ने अपना असर दिखाया। कार्यक्रम स्थल पर चारों तरफ पानी भर जाने से आयोजकों के सामने समस्या खड़ी कर दी।
सोमवार को पुराना नुमाइश मैदान पर जिला प्रशासन व जिला पर्यटन एवं सांस्कृतिक परिषद तत्वाधान में आयोजित औरैया महोत्सव में शाम साढ़े सात बजे कैलासा बैंड के साथ सूफी गायक कैलाश खेर अपना जलवा बिखरेंगे। उधर मौसम विभाग की ओर से की गई बारिश की चेतावनी से कार्यक्रम आयोजकों के लिए चिंता पैदा कर दी है।
शनिवार रात से शुरू हुई झमाझम बारिश के चलते कार्यक्रम स्थल पर चारों तरफ पानी ही पानी भर गया। इसके चलते आयोजकों की टीम सुबह से ही समस्या निदान में जुट गई। इस बीच नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल व एसआई आशीष पांडेय सफाई कर्मचारियों की टीम के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।
जहां एक ओर पंपिंग सैट से परिसर के पानी को खाली कराने का काम शुरू कराया। तो वहीं दूसरी ओर जेसीबी मंगाकर परिसर से बड़े नाले तक पानी पहुंचाने को निकासी का मार्ग बनवाया। इसके बाद बालू डालकर परिसर को लोगों के चलने लायक तैयार कराया गया।
उधर लखनऊ से आए स्टेज बनाने वालों की टीम भी सुबह से स्टेज बनाने में जुटी हुई है। वहीं सुरक्षा को लेकर अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह की ओर से शनिवार को कई गई बैठक के दौरान मौजूद अपर पुलिस अधीक्षक दिगंबर कुशवाहा के साथ मिलकर रणनीति तैयार की गई।
यह होंगे कार्यक्रम
अपर जिलाधिकारी एमपी सिंह ने बताया कि चार से शुरू हो रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम छह मार्च तक चलेंगे। इसमें चार मार्च को शाम साढ़े सात बजे कैलाश खेर का कार्यक्रम रहेगा। इसके अलावा पांच को शाम साढ़े पांच बजे से रंगलोक अकादमी नोयडा की ओर से डिम्पी मिश्रा का मीरा नृत्य नाटिका कार्यक्रम होगा।
इसके बाद कवि सम्मेलन का कार्यक्रम रहेगा। इसमें रमेश मुस्कान आगरा, अजय अंजाम औरैया, हेमंत पांडेय कानपुर, विनीत चौहान अलवर, मनवीर मधु दिल्ली अपनी गीतों, ओज की कविताओं और हास्य कविताओं के माध्यम से लोगों को गुदगुदाने का काम करेंगे। इसके अलावा आखिरी दिन छह मार्च की शाम साढ़े पांच बजे से वत्सल छाया ट्रस्ट चंडीगढ़ से चैनिक गिल की राम की शक्ति पूजा नृत्य नाटिका का कार्यक्रम होगा।
इसी दिन शाम साढ़े आठ बजे से बॉलीबुड प्ले बैक सिंगर विपिन सचदेवा व सा रे गा मा फेम पारूल मिश्रा के अलावा कॉमेडियन राजन श्रीवास्तव व नई दिल्ली से डांस ग्रुप का कार्यक्रम आयोजित होग।