दिबियापुर। फफूंद रेलवे स्टेशन से नानस्टाप गुजर रही डाउन जोगबनी एक्सप्रेस के एक कोच के दरवाजे पर भारी सामान लटका देखकर ट्रेन को रोका गया। आरपीएफ थानापुलिस ने कोच में दरवाजे के बाहर लटके सामान को अंदर कराया गया। इस दौरान लगभग दस मिनट तक ट्रेन फफूंद रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही।
मंगलवार दोपहर लगभग पौने एक बजे 12488 डाउन आनंद बिहार टर्मिनल से जोगबनी एक्सप्रेस पाता रेलवे स्टेशन से गुजरी। इस दौरान रेल कर्मियों ने एक कोच के दरवाजे के बाहर सामान लटका देखा। किसी हादसे की आशंका से रेल कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। ट्रेन को फफूंद रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया।
आरपीएफ पुलिस ने कोच के दरवाजे के बाहर लटके सामान को अंदर कराया। इसके बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया। ट्रेन लगभग 10 मिनट तक फफूंद रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर खड़ी रही। आरपीएफ उपनिरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रेन के रुकने के बाद यात्री का लटका सामान अंदर करा दिया गया था।