औरैया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य विभाग में चलाई जा रही योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जननी सुरक्षा योजना में आशा का भुगतान 15 दिन में कराने, व सभी स्वास्थ्य से संबंधित अधिकारी व कर्मचारियों को तैनाती स्थल पर निवास के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रभारी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देश दिए कि वह आवश्यक कार्रवाई करते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर सिजेरियन कराएं। उन्होंने निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों का भुगतान शत प्रतिशत किया जाए। कोई भी भुगतान लंबित न रहने पाए। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि फाइलेरिया की दवा विद्यालय में बच्चों को खिलाई जाए।
उन्होंने कहा कि दवा की आपूर्ति आशा व एएनएम के माध्यम से ग्राम में कराई जाए। साथ ही सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक कंट्रोल रूम बनाया जाए। उन्होंने संबंधित एमओआईसी को निर्देशित किया कि अपनी तैनाती स्थल पर ही रहें। इससे स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंदों को मिल सके। उन्होंने संबंधित को निर्देशित किया कि जिन आशा बहू द्वारा घर पर डिलीवरी कर रही है। उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सुमेर गौतम, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, उप चिकित्साधिकारी डॉ. शिशिर पुरी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।