अछल्दा। कस्बे के नहर बाजार में पार्किंग की व्यवस्था न होने से लोगों को आए दिन जाम से जूझना पड़ रहा है। शुक्रवार को पौन घंटे नहर पुल पर लगे जाम से बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों व उनके अभिभावकों को दिक्कत उठानी पड़ी। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सामान्य कराया।
कस्बे के अंदर एक भी पार्किंग स्थल नहीं है। इन दिनों सहालग के चलते नहर बाजार में भीड़ हो रही है। बाजार पहुंचने वाले ज्यादातर लोग सड़क किनारे(दुकानों के बाहर) वाहन खड़े कर देते हैं। शुक्रवार को बाजार में काफी संख्या में वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति बनने लगी है। इसी बीच दोपहर एक बजे इंटरमीडिएट की परीक्षा देने जाने के लिए छात्र भी वाहनों से निकले तो स्थिति और बिगड़ गई। देखते ही देखते कस्बा से लेकर नहर पुल तक जाम लग गया। इसमें आदर्श इंटर कॉलेज व देहाती समेत अन्य केंद्रों पर परीक्षा देने जा रहे परीक्षार्थी व उनके अभिभावक जाम में फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर जाम खुलवाया। तब छात्र परीक्षा देने पहुंच सके। कोतवाली प्रभारी सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि वाहनों के बेतरतीब खड़े होने के चलते 45 मिनट तक जाम लगा रहा। जाम की वजह से किसी भी छात्र की परीक्षा नहीं छूटी है।