औरैया। शहर के महत्वपूर्ण शिवालय देवकली मंदिर तक पहुंचना श्रद्धालुओं के आसान नहीं है। रास्ते में उन्हें डंप कूड़े की बदबू से लेकर जर्जर सड़क से होकर जाना होता है। ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से जारी हुए तमाम दिशा-निर्देश यहां पर महज औपचारिकता निभाने वाले नजर आ रहे हैं।
औरैया से देवकली मंदिर को जाने के लिए दो रास्ते हैं। एक रास्ता खानपुर होकर जाता है, तो दूसरा जालौन रोड होकर। दोनों ही रास्तों में जानलेवा गड्ढे हैं। ऊबर-खाबड़ सड़क पर वाहनों का आवागमन खतरे से खाली नहीं है। वहीं दूसरी ओर से जालौन रोड किनारे खानपुर समीप नगर पालिका परिषद का कूड़ा डंपिंग प्वाइंट है। यहां शहर भर का कूड़ा रोजाना डंप किया जाता है। एनजीटी के तमाम मानक यहां पर तोड़े जा रहे हैं।
खुले में पड़ा कूड़ा बारिश के साथ ही भयंकर बदबू का पर्याय बना है। इस बदबू के बीच होकर श्रद्धालुओं को देवकली मंदिर को जाना पड़ रहा है। राह आसान नहीं है, लेकिन लोगों को मजबूरी में जाना होगा। मंदिर परिसर में भले ही तमाम उपाय किए गए हों, लेकिन सड़कों को लेकर कोई खास इंतजाम नजर नहीं आया है। हर साल की तरह रहने वाली समस्या जस की तस बनी हुई है।
-
वर्जन
श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत न हो इसे लेकर पहले से ही तैयारी करने के लिए कहा गया है। सड़क को लेकर पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए जा चुके हैं। वहीं सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका परिषद को अवगत कराया गया है।
-महेंद्र पाल सिंह, अपर जिलाधिकारी