औरैया जिले में फफूंद से मुरादगंज मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में बाइक सवार पिता पुत्र गंभीर घायल हो गए। बाद में पिता ने दम तोड़ दिया। पुत्र का दिबियापुर सीएचसी में उपचार चल रहा है। बुधवार देर शाम फफूंद मुरादगंज मार्ग पर गांव नगला पाठक के पास दो बाईकों में भिड़ंत हो गई।
एक बाइक सवार गांव मुग्गपुर बिधूना निवासी शिवनंदन (70) पुत्र रामदीन और उनका बेटा अवधेश घायल हो गए। दोनों घायलों को एंबुलेंस से दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सकों ने शिवनंदन को मृत घोषित कर दिया। पुत्र का गंभीर हालत में उपचार किया जा रहा है। पिता पुत्र बाइक से अपने रिश्तेदारी में मुरादगंज तेहरवी संस्कार में सम्मिलित होने जा रहे थे।
तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। अवधेश को सैफई के लिए रेफर किया गया है। मृतक बढ़ई गीरी का काम करते थे। प्रभारी निरीक्षक शशि भूषण मिश्रा के अनुसार घटनास्थल फफूंद क्षेत्र होने के कारण फफूंद थाना पुलिस को सूचना दी गई है। देर रात फफूंद थाना पुलिस ने दिबियापुर सीएचसी पहुंचकर शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।