दिबियापुर (औरैया)। झाबर का पुर्वा निवासी महिला ने इटावा के ऊसराहार निवासी पति एवं ससुरालियों पर दहेज के लिए घर से निकालने का आरोप लगाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पति समेत चार ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव झाबर का पुर्वा निवासी अंजली पुत्री दिलासाराम ने तहरीर में बताया कि 28 जून 2020 को पीड़िता की शादी इटावा जिले में ऊसराहार के चबच्चा (नाखा) निवासी विपिन कुमार के साथ हुई थी। ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये और एक बाइक की मांग करने लगे। दो लाख रुपयों की मांग पूरी भी की। इसके बावजूद बाइक की मांग को लेकर उत्पीड़न जारी रहा।
16 दिसंबर 2022 को ससुरालियों ने उसको मारपीट कर नवजात बच्चे के साथ घर से निकाल दिया। प्रभारी निरीक्षक मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी पति विपिन कुमार, ससुर बुधुलाल, सास राजा बेटी, जेठ सुधीर कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।