औरैया। गुरुवार शाम शुरू हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर में जगह-जगह जलभराव की स्थिति खड़ी कर दी। इससे जहां कई मोहल्लों में स्थित तालाब उफना गए। कहीं सड़कों पर गंदा पानी भर गया, तो कहीं जल निकासी न होने से घर पानी घिर कर टापू बन गए हैं। जिससे लोगों में खासा आक्रोश है।
नगर पालिका परिक्षेत्र में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था न हो पाने के चलते नरायनपुर, इंदिरा नगर, गोविंद नगर, ब्रह्मनगर, भीखमपुर दयालपुर में जल भराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। हालत यह है कि पालिका प्रशासन की ओर से नालों की सफाई का दावा किए जाने के बाद भी नाले गंदगी से बजबजा रहे हैं। बारिश का पानी शहर से बाहर न निकल पाने के कारण गोविंद नगर मोहल्ले में एक सैकड़ा से अधिक घर पानी से घिरे हुए हैं। जिससे टापू जैसी स्थिति बनी हुई है। वहीं, नरायनपुर व इंदिरा नगर में बने तालाब उफना रहे हैं। इससे तालाब किनारे बसे घरों के लोग खासे भयभीत हैं। बावजूद इसके पालिका प्रशासन के पास इसका कोई समाधान होता नहीं दिख रहा है। पड़ताल के दौरान आक्रोशित लोगों ने अपनी समस्या रखते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया है।
गोविंद नगर मोहल्ला निवासी सरोज यादव कहतीं हैं कि उन्होंने बड़ी मुश्किल प्लाट लेकर घर बनवाया था, लेकिन पिछले दो सालों से बारिश के समय घर के चारों तरफ पानी भर जाने से टापू की स्थिति बनी हुई है। इससे संक्रामक रोगों के फैलने का डर बना हुआ है। गोपाल पांडेय बोले, पिछले साल बारिश के दौरान मोहल्ला स्थित लगभग एक सैकड़ा से अधिक घरों के चारों तरफ पानी भर गया था। जिसमें सुनवाई न होने पर दिबियापुर-फफूंद मार्ग पर जाम लगाना पड़ा था। जिसमें पालिका प्रशासन की ओर से जल्द समस्या निदान का भरोसा दिया गया था, लेकिन आज तक कुछ भी नहीं हुई। मोहल्ला नरायनपुर निवासी सूरज देवी ने कहा कि पहले तालाब खाली रहता था। जिससे समस्या नहीं होती थी, लेकिन तीन सालों से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त न होने से आसपास के मोहल्लों का पानी इसी तालाब में पहुंचता है। जिससे तालाब उफनाने से घर के अंदर पानी भर जाता है। जिससे घर गिरने का भी बहुत डर बना रहता है। नरायनपुर निवासी 85 वर्षीय राजरानी कहतीं हैं कि तालाब में पानी बढ़ने से घर के अंदर गंदा पानी भर जाता है। वहीं, घर के पीछे की तरफ बनी दीवार और फर्श दरक गया है। पिछले साल तालाब की सफाई कराई गई थी, लेकिन उसको फिर अधूरी हालत में छोड़ दिया गया। जिससे काफी परेशानी हो रही है।
वर्जन
जल भराव की समस्या को दूर कराए जाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर छोटे-छोटे पक्के गड्ढे बनाकर उनके माध्यम से पंपिंग सेट लगाकर पानी को बड़े नाले तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है। जिससे बड़े नाले से शहर के बाहर पानी पहुंचाया जा सके। पालिका प्रशासन जल भराव की समस्या निदान को हर संभव प्रयास कर रही है। इसके स्थायी समाधान के लिए 23 करोड़ बजट के नाले का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। उसके बनने के बाद लोगों को स्थायी निदान मिल सकेगा। - रामआसरे कमल, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद, औरैया।