औरैया। नाबालिगों के वाहन चलाने पर वाहन स्वामियों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। शुक्रवार को ट्रैफिक पुलिस ने छात्रों को यातायात नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाते पकड़ा, उनके अभिभावकों से भी फोन पर बात की और सख्त हिदायत भी दी गई। यदि बच्चों को दोबारा वाहन दिया तो उनके खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी।
जिलेभर में शुक्रवार को यातायात व थानों की पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 18 वर्ष के कम आयु वर्ग के छात्र-छात्राएं व युवा वर्ग निशाने पर रहे। दोपहर के समय सुभाष चौराहा पर बाइक ले जाते एक किशोर को ट्रैफिक दरोगा राम बहादुर ने रोका। हेलमेट व ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर उसे यातायात नियमों की जानकारी दी। किशोर ने अपने पिता को फोन कर बताया, हैलो पापा! चौराहे पर पुलिस अंकल ने गाड़ी पकड़ ली है, बात कर लीजिए।
दरोगा राम बहादुर ने किशोर के पिता से फोन पर बात करते हुए चेतावनी दी कि यदि बच्चे को दोबारा बाइक दी तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी जाएगी। किसी तरह का कोई बहाना नहीं चलेगा। इसी दौरान एक अन्य बाइक पर युवक को रोका।
पांच जुलाई से चल रहा अभियान
पांच जुलाई से चलाए जा रहे अभियान में अभी तक कुल 1173 वाहनों की चेकिंग की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 240 वाहनों पर दो लाख 93 हजार रुपये जुर्माना भी वसूल किया गया। इस चेकिंग अभियान के दौरान लगभग 145 स्कूली वाहनों की जांच की गई।
अभी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 18 साल से कम आयु के लोगों को जागरूक करने के साथ ही उनके अभिभावकों को सख्त हिदायत दी जा रही है। हालांकि अभी तक किसी भी वाहन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई है।- भरत पासवान, सीओ, ट्रैफिक