दिबियापुर। नगर पंचायत दिबियापुर में चौराहों व तिराहों पर जगह चिह्नित कर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। जल्द ही सभी स्थानों पर हाईमास्ट लाइटों से चौराहे-तिराहे रोशन होंगे।
नगर पंचायत बोर्ड द्वारा दिबियापुर में 10 स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगाए जाने का प्रस्ताव पास किया था। पिछले महीनों में जेम पोर्टल के माध्यम से इसकी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हुई थी। नगर पंचायत कर्मियों के अनुसार, गुरुवार को नगर पंचायत दिबियापुर के प्रशासक एवं एडीएम अब्दुल बासित की मौजूदगी में हाईमास्ट लाइटों को लगाए जाने के लिए जगह चिह्नित की गई हैं। चिह्नित स्थानों दिबियापुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थाने के शहीद वीरांगना अवंतीबाई पार्क तिराहे पर, इंदिरानगर वार्ड, गोशाला के पास मैदान, शांति नगर में रेलवे लाइन के पास, कांशीराम कालोनी स्थित पार्क, गुंजन चौराहे के पास गुंजन रोड पर, सहायल तिराहा पर, सहायल रोड पर बंबा पुलिया चौराहे पर, बहेड़े पुलिया स्थित चौराहे पर हाईमास्ट लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। नगर पंचायत दिबियापुर के अधिशासी अधिकारी विजय सक्सेना ने बताया कि सभी स्थानों पर जल्द से जल्द हाईमास्ट लाइटें लगाने के लिए ठेकेदार को निर्देशित किया गया है।