औरैया। खेत व गलियों में नमी के चलते सूखी जमीन की तलाश में मवेशियों के झुंड सड़क पर पनाह ले रहे हैं। सड़क पर निकलते वाहनों के चलते मवेशियों के टकराने की संभावना बढ़ी है। छुट्टा मवेशियों की संख्या बहुतायत में होने के बावजूद इन्हें गोशाला भेजने में दिलचस्पी नहीं दिखाई जा रही है।
जिले में 53 गोशालाओं का संचालन वर्तमान समय में किया जा रहा है। जिनमें 12 हजार से ज्यादा मवेशियों को संरक्षण दिया जा रहा है। जबकि इससे कहीं ज्यादा छुट्टा घूम रहे हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में खुले में मवेशी घूमते नजर आते हैं। प्रमुख मार्गों से लेकर हाईवे पर यही छुट्टा मवेशी वाहन की चपेट में आते हैं। इन दिनों वर्षा के चलते सूखी जमीन की तलाश में इनके झुंड सड़क पर रात-दिन डटे रहते हैं। ऐसे में वाहन सवारों के टकराने की संभावना बढ़ी है।
विज्ञापन
संपूर्ण समाधान दिवस पर शनिवार को दो दर्जन से ज्यादा शिकायतें छुट्टा मवेशियों से हो रही दिक्कत के थे। मवेशी रात में फसल चट करते दिन में सड़क पर पहुंचकर दुर्घटना का सबब बन रहे हैं।
गोशालाओं में छुट्टा मवेशी पहुंचाए जाने को लेकर संचालक, ग्राम पंचायत व निकायों को निर्देश जारी किए गए हैं। जुटाए गए वाहनों से मवेशियों को पकड़ा भी जा रहा है। जहां समस्या ज्यादा है उन्हें प्राथमिक तौर पर लिया जा रहा है।
- अनिल कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी