औरैया। स्वास्थ्य विभाग की सख्ती के बाद भी कई अस्पताल व पैथोलॉजी बिना पंजीकरण के चल रही हैं। शिकायत मिलने पर गुरुवार को एसडीएम बिधूना ने चिकित्साधीक्षक के साथ सात पैथोलॉजी की जांच की। कोई भी संचालक मौके पर पंजीकरण के दस्तावेज नहीं दिखा सका। इस पर पैथोलॉजी को बंद कराया और पंजीकरण तलब किया है।
बिधूना एसडीएम लवगीत कौर व सीएचसी अधीक्षक बिधूना सिद्धार्थ वर्मा ने सात से अधिक पैथोलॉजी की जांच की। सात संचालक पंजीकरण संबंधित कागजात नहीं दिखा सके। इस पर एसडीएम ने सभी को एक दिन का समय देकर कागजात उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि बिना मानक व पंजीकरण के चल रहे अस्पतालों की हकीकत जांचने के लिए तहसील स्तर पर सभी एसडीएम व स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी निरीक्षण कर रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद नियम विरुद्ध संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।