औरैया। ठंड के साथ ही वायरल बुखार का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों में नियमित साफ-सफाई और फॉगिंग न होने से मच्छरों का प्रकोप कम नहीं हुआ है। सोमवार को दो बच्चे, युवक और बुजुर्ग समेत चार लोगों की एलाइजा जांच से डेंगू की पुष्टि हुई है। जिले में अब डेंगू संक्रमितों की संख्या 96 हो गई है।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू व वायरल बुखार फैला है। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने भी ग्रामीण क्षेत्रों में फैली गंदगी की वजह से लोगों के वायरल बुखार की चपेट में आने की बात कही थी। इसके बाद भी नगर पालिका शहर में और नगर पंचायत ग्रामीण क्षेत्रों में अभी तक साफ-सफाई नहीं करा सका है। गांव में कई जगहों पर गंदगी व दूषित पानी भरा होने की वजह से मच्छरजनित रोग पनप रहे हैं। लोग वायरल बुखार व डेंगू की चपेट में आ रहे है।
सोमवार को सहायल के झबरा गांव में 64 वर्षीय बुजुर्ग, 22 वर्षीय युवक, अयाना में आठ साल का बच्चा व बीझलपुर में छह साल की बच्ची एलाइजा जांच से डेंगू पॉजिटिव निकली है। इन तीनों गांवों समेत सहार ब्लाक क्षेत्र में 60 से अधिक लोग वायरल बुखार की जद में है। जिले का स्वास्थ्य विभाग संक्रामक बीमारियों की रोकथाम नहीं कर पा रहे हैं। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि वायरल बुखार की रोकथाम व बीमार लोगों को दवा देने के लिए स्वास्थ्य टीमें गांवों में भेजी जा रही हैं।