औरैया। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सराफा से लूट के बाद चांदी भोगनीपुर कोतवाली लाई गई थी। जमालुद्दीन के साथ कोतवाल अजय पाल कठेरिया ने बंटवारे की रणनीति बनाई। इसमें जमालुद्दीन और संजय चिकवा के माध्यम से चांदी ठिकाने लगाई जानी थी। इसी बीच अजय पाल को भनक लग गई कि घटना की औरैया कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हो गई। यदि ऐसे में चांदी किसी व्यापारी के पास बेची गई तो पकड़ी जा सकती है। इसको लेकर कोतवाल ने दरोगा चिंतन कौशिक के साथ चांदी को कोतवाली में कहीं ठिकाने लगाने की भूमिका बताई। सूत्र बताते हैं कि गुरुवार की रात कोतवाल, चिंतन कौशिक व उसके कुछ साथी कोतवाली से घंटों के लिए गायब रहे। कुछ देर बाद यह लोग लौटे तो सीधे कमरों में चले गए। इसी बीच रात में पुलिस ने दबिश देकर चांदी बरामद कर ली। बताया गया कि सुबह यदि दबिश होती तो शायद चांदी ठिकाने लग चुकी होती।
औरैया में गाड़ी में तेल डलवाना महंगा पड़ा
औरैया पुलिस ने चांदी लूट की घटना में शामिल रहे भोगनीपुर कोतवाल व अन्य आरोपियों के विरूद्ध मजबूत साक्ष्य जुटाए हैं। घटना के बाद व्यापारी के कार चालक को साथ लेकर पुलिस ने एक्सप्रेस वे से लेकर नेशनल हाइवे और आस पास की सड़कों पर खाक छानी। इस बीच पुलिस ने शहर के पेट्रोल पंप और कई हाइवे किनारे कई प्रतिष्ठानों के सीसीटीवी चेक किए। इसी बीच साई पेट्रोल पंप में एक स्कार्पियों तेल डलवाती दिखी। इसमें असलहों से लैस पुलिस कर्मी दिखे थे। बस यहीं से खुलासे के तार पुलिस को मिले और कोतवाली प्रभारी समेत दरोगा व उसके साथी धरे गए।
पुलिस ने दर्ज की थी चोरी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट
बांदा निवासी सराफ कारोबारी मनीष सोनी की तहरीर पर भले ही पुलिस ने चांदी लूट की घटना का खुलासा किया हो, मगर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। पुलिस ने इस घटना में चोरी व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की थी। इस पर भी लोगों ने सवाल खड़े किए हैं। जबकि आरोपी घटना के बाद कोतवाली पहुंच यही कहता रहा कि उसके साथ लूट हुई है। वहीं औरैया पुलिस का कहना है कि सराफा ने घटना के करीब 12 घंटे बाद पुलिस को जानकारी दी। इस दौरान वह चांदी के कागजात जुटाने में लगा रहे, इसको लेकर मामला पहले संदिग्ध लग रहा था।
यूपी में पुलिस की चांदी, भ्रष्टाचार की आंधी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने औरैया से पुलिस कर्मियों द्वारा लूटी गई चांदी पर ट्वीट कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। अखिलेश ने ट्वीट करते हुए लिखा है कि यूपी में तो पुलिस वालों की चांदी है,भाजपा में भ्रष्टाचार की आंधी है। इस ट्वीट के बाद राजनीति भी गरमाई है।